ऊखीमठ : तालतोली में भगवती राज-राजेश्वरी मेले का शुभारंभ, उमड़ा आस्था का सैलाब

Team PahadRaftar

तालतोली में भगवती राज-राजेश्वरी मेले का शुभारंभ, उमड़ा आस्था का सैलाब

बसंत नवरात्र की अष्टमी-नवमी पर लगने वाले दो दिवसीय मेले में हजारों श्रद्धालु पहुंचे

लक्ष्मण नेगी 

 ऊखीमठ : प्रकृति की सुरम्य वादियों के बीच स्थित 11 गांवों की आराध्य देवी भगवती राज-राजेश्वरी की तपस्थली तालतोली में दो दिवसीय पारंपरिक मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया। मेले के पहले दिन क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। पूरे क्षेत्र में भक्ति, आस्था और उल्लास का वातावरण बना रहा।

मेले का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने मां भगवती राज-राजेश्वरी के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि, शांति और परिवार की कुशलता की कामना की।

स्थानीय मान्यता के अनुसार, तालतोली स्थित भगवती राज-राजेश्वरी 11 गांवों की अधिष्ठात्री देवी हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां की कृपा से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है। मेले के दौरान देवी ने भक्तों को आशीर्वाद दिया, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट भी तालतोली पहुंचे और मां भगवती के दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली, विश्व शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी लोक आस्था, संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों की सराहना की।

मेले में पारंपरिक झांकियां, धार्मिक अनुष्ठान और लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। महिला मंगल दलों और स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन एवं लोकगीतों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

आयोजन समिति और ग्रामीणों ने मेले की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। दूसरे दिन भी विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

तालतोली मंदिर समिति अध्यक्ष कलम सिंह राणा ने बताया कि 11 गांवों के ग्रामीणों और मंदिर समिति के सहयोग से प्रति वर्ष बसंत नवरात्र की अष्टमी और नवमी पर इस दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है।

इस अवसर पर पंडित चंद्रशेखर पारकोटी, उपाध्यक्ष दयाल सिंह राणा, मंत्री दौलत सिंह रावत, उपमंत्री आनंद सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष देवी प्रसाद बगवाड़ी, प्रधान सरिता रावत, मनीषा देवी, पूजा देवी, पूर्व प्रधान माधव कर्नाटकी, अवतार सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र सिंह नेगी, माधव शाह, मनवर सिंह धिरवाण, दान सिंह धिरवाण, भरत राणा, ओकार धिरवाण, हुक्म सिंह पंवार, सुरेंद्र सिंह वाजपेई, मेहरवान सिंह नेगी, गोपाल सिंह धिरवाण, सुरेंद्र नेगी और कुंवर सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व श्रद्धालु मौजूद रहे।

Next Post

गौचर : वरिष्ठ व्यवसायी एवं पूर्व पालिका उपाध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट का निधन, गौचर में शोक

अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने दी श्रद्धांजलि गौचर/चमोली, संवाददाता केएस असवाल  नगरपालिका क्षेत्र गौचर के वरिष्ठ व्यवसायी, व्यवहारकुशल और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी आनंद सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन से नगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे पालिका परिषद गौचर के पूर्व उपाध्यक्ष, […]

You May Like