
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। लगातार हो रही बारिश के चलते द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर धाम यात्रा मार्ग पर बनातोली में मोरखमा नदी पर बना अस्थायी लकड़ी का पुल खतरे की जद में आ गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण पुल की सुरक्षा पर संकट गहरा गया है। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं, स्थानीय ग्रामीणों और घोड़ा-खच्चर संचालकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

मद्महेश्वर धाम की यात्रा पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में बनातोली का यह अस्थायी पुल यात्रा मार्ग की महत्वपूर्ण कड़ी है। लगातार बारिश से मोरखमा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण पुल को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से पुल का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने तथा पूर्व में स्थापित ट्रॉली के माध्यम से सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि पुल को लेकर समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो यात्रा प्रभावित हो सकती है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश प्रसाद नैथानी ने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ने से लकड़ी का अस्थायी पुल खतरे की जद में आ गया है। फिलहाल तीर्थयात्रियों और ग्रामीणों की आवाजाही ट्रॉली के माध्यम से कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दूसरे अस्थायी पुल के निर्माण के प्रयास किए जाएंगे, ताकि घोड़े-खच्चरों की आवाजाही भी सुचारू रूप से शुरू हो सके।

