ऊखीमठ : तुंगनाथ धाम में श्रद्धालुओं का नया कीर्तिमान, 1.24 लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

Team PahadRaftar

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। विश्व के सबसे ऊंचाई पर स्थित भगवान शिव के पंचकेदारों में तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। यात्रा सत्र में अब तक 1,24,676 श्रद्धालु बाबा तुंगनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्षों की तुलना में सर्वाधिक मानी जा रही है।

प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक वातावरण और बेहतर यात्रा व्यवस्थाओं के चलते इस वर्ष देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक तुंगनाथ धाम पहुंचे। विशेषकर सप्ताहांत, अवकाश और श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा तुंगनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की।

यात्रा का सकारात्मक असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी देखने को मिला है। चोपता, बणियाकुंड, दुगलबिट्टा और आसपास के क्षेत्रों के होटल, होमस्टे, भोजनालय, घोड़ा-खच्चर संचालकों तथा अन्य स्थानीय व्यवसायियों को अच्छी आमदनी हुई है। वहीं स्थानीय युवाओं को भी स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिले हैं।

मंदिर समिति, तीर्थ पुरोहित समाज और स्थानीय प्रशासन के समन्वित प्रयासों से यात्रा का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई है।

69 विदेशी श्रद्धालुओं ने भी किए दर्शन

तुंगनाथ धाम के प्रबंधक प्रकाश पुरोहित ने बताया कि अब तक 64,393 पुरुष, 53,290 महिलाएं, 6,765 नौनिहाल, 159 साधु-संत और 69 विदेशी नागरिकों सहित कुल 1,24,676 श्रद्धालु बाबा तुंगनाथ के दर्शन कर विश्व कल्याण की कामना कर चुके हैं।

मंदिर समिति के चंद्रमोहन बजवाल ने बताया कि चोपता से सीधे चंद्रशिला जाने वाले पर्यटकों का आंकड़ा मंदिर समिति के रिकॉर्ड में शामिल नहीं है। ऐसे में क्षेत्र में आने वाले कुल पर्यटकों की संख्या इससे कहीं अधिक है।

जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्वाण ने कहा कि श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या यह साबित करती है कि तुंगनाथ धाम देश के प्रमुख आस्था केंद्रों में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यात्रा सत्र अभी जारी है और आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होगी।

Leave a Reply

You May Like