सलूड़-डुंग्रा में चार दिवसीय देवरा उत्सव बना लोक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का संगम
संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ
हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच बसी पैनखंडा घाटी इन दिनों मां नंदा के जयकारों से गुंजायमान है। यह केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि उस लोक परंपरा का पुनर्जीवन है, जिसमें बेटी के मायके लौटने पर पूरा गांव उत्सव मनाता है। करीब चार दशक बाद सिद्धपीठ लाता की मां नंदा राणी की देवरा यात्रा अपने मायके सलूड़-डुंग्रा पहुंची तो मानो पूरी घाटी की भावनाएं उमड़ पड़ीं। कहीं फूल-मालाओं से स्वागत हुआ तो कहीं जागरों की स्वर लहरियों और पारंपरिक मुखौटा नृत्यों ने सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।

विश्व सांस्कृतिक धरोहर रम्माण की धरती सलूड़-डुंग्रा में मां नंदा के आगमन के साथ ही चार दिवसीय धार्मिक उत्सव शुरू हो गया है। गुरुवार को आयोजित भव्य मेले में हजारों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। गांव की महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए यह क्षण केवल धार्मिक उल्लास का नहीं, बल्कि अपनी जड़ों और सामूहिक सांस्कृतिक पहचान से जुड़ने का भी रहा।
बेटी के स्वागत में उमड़ा पूरा मायका
उत्तराखंड की लोक परंपरा में मां नंदा को ध्याण यानी बेटी के रूप में पूजा जाता है। यही वजह है कि उनकी देवरा यात्रा केवल मंदिरों और गांवों के बीच की धार्मिक आवाजाही नहीं होती, बल्कि मायके और ससुराल के भावनात्मक रिश्तों का प्रतीक भी बन जाती है। मां नंदा जब अपने मायके पहुंचती हैं तो हर परिवार उन्हें अपनी बेटी मानकर स्वागत करता है। सलूड़-डुंग्रा में भी इसी परंपरा की झलक दिखाई दी। चार दशक बाद आयोजित इस देवरा यात्रा ने गांव के बुजुर्गों की स्मृतियों को ताजा किया तो नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर दिया।
गांव-गांव से जुड़ता गया आस्था का कारवां
देवरा यात्रा का सफर सुभाईं गांव से शुरू होकर बड़ागांव होते हुए सलूड़-डुंग्रा तक पहुंचा। मंगलवार को दूसरे पड़ाव बड़ागांव के लिए प्रस्थान के दौरान रिंगी, तपोवन और ढाक के ग्रामीणों ने मां नंदा का पूजन-अर्चन कर स्वागत किया। बड़ागांव पहुंचने पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां का अभिनंदन हुआ। रातभर जागर गायन और मुखौटा नृत्य के आयोजन हुए।
बुधवार देर शाम मां नंदा राणी की देवरा यात्रा सलूड़-डुंग्रा पहुंची। सुभाईं और बड़ागांव के देवी-देवताओं के निशाण भी यात्रा के साथ यहां पहुंचे। सलूड़-डुंग्रा और डूंग्री-बरोसी के क्षेत्रपाल देवता मंदिर परिसर में पारंपरिक सुप्पा कार्यक्रम आयोजित हुआ। कौणी के भात और फाफर के लड्डू का भोग अर्पित कर स्थानीय खानपान और लोक परंपराओं को भी इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनाया गया। रात्रि में म्वर-म्वरीण मुखौटा नृत्य की प्रस्तुति ने उत्सव को विशिष्ट सांस्कृतिक रंग दिया।
रम्माण की विरासत के बीच जीवंत हुई लोक संस्कृति
सलूड़-डुंग्रा की पहचान केवल मां नंदा की धार्मिक परंपराओं तक सीमित नहीं है। यह वही धरती है, जहां सदियों से रम्माण जैसी अनूठी लोकनाट्य परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ रही है। मुखौटा नृत्य, जागर गायन, देवताओं के निशाण और पारंपरिक पकवान यहां की संस्कृति के अभिन्न हिस्से हैं। मां नंदा की देवरा यात्रा ने इन सभी परंपराओं को एक मंच पर ला दिया है।
इस आयोजन की खासियत यह भी है कि इसमें गांवों के अलग-अलग थोक, परिवार और देवी-देवताओं की सहभागिता देखने को मिल रही है। भंडारी थोक और कुंवर थोक की परंपरागत भूमिका से लेकर दूसरे गांवों के ग्रामीणों की भागीदारी तक, यह उत्सव सामुदायिक एकजुटता का भी उदाहरण बन रहा है।
22 नवंबर को अगले पड़ाव के लिए प्रस्थान करेगी देवरा यात्रा
चार दिवसीय प्रवास के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी। 20 नवंबर को मां नंदा के सम्मुख श्रीदुर्गा सप्तशती का पाठ होगा, जबकि 21 नवंबर को मां नंदा अष्टमी का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 22 नवंबर की सुबह पारंपरिक फुरचेली नृत्य होगा। इस दौरान मां नंदा उपस्थित श्रद्धालुओं को पुष्प प्रसाद वितरित करेंगी। इसके बाद मां नंदा राणी की देवरा यात्रा अगले पड़ाव परसारी गांव के लिए रवाना होगी।
चार दशक बाद आयोजित यह देवरा उत्सव पैनखंडा की लोक आस्था का ऐसा अवसर बन गया है, जिसमें धर्म, संस्कृति, परंपरा और सामूहिक स्मृतियां एक साथ दिखाई दे रही हैं। मां नंदा के स्वागत में उमड़ा जनसमूह इस बात का भी प्रमाण है कि पहाड़ों में लोक परंपराएं केवल अतीत की धरोहर नहीं, बल्कि आज भी समाज को जोड़ने वाली जीवंत शक्ति हैं।

