
मां चंडिका महिला उद्यम समूह की 10 महिलाएं कर रहीं स्वरोजगार, स्थानीय अनाज से तैयार उत्पादों को मिल रही खूब मांग
केएस असवाल गौचर : 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में इस बार पहाड़ के पारंपरिक उत्पाद लोगों को खूब लुभा रहे हैं। मेले में झंगोरा, मंडुवा और चौलाई से तैयार बिस्कुट व नमकीन की खूब खरीदारी हो रही है। स्थानीय अनाज से तैयार इन उत्पादों के जरिए महिलाएं न केवल पहाड़ी खानपान को नई पहचान दे रही हैं, बल्कि स्वरोजगार की मिसाल भी पेश कर रही हैं।
मेले में मां चंडिका महिला उद्यम समूह सिवाई की ओर से लगाए गए स्टॉल पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। समूह की महिलाओं ने स्थानीय अनाज से तैयार बिस्कुट, नमकीन सहित कई तरह के खाद्य उत्पाद बिक्री के लिए रखे हैं। पारंपरिक अनाज से तैयार इन उत्पादों का स्वाद लोगों को खूब भा रहा है।
मेला अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने कहा कि गौचर मेले का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों, पहाड़ी अनाज, हस्तशिल्प और कारीगरों को प्रोत्साहन देना भी है। इसके लिए मेले में स्थानीय उत्पादों और शिल्पकारों को स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि उनके उत्पादों को बेहतर बाजार मिल सके और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें।
समूह की सदस्य रीता रावत और दिव्या पंवार ने बताया कि उनके समूह से 10 महिलाएं जुड़ी हैं। सभी महिलाएं स्थानीय अनाज से विभिन्न खाद्य उत्पाद तैयार कर स्वरोजगार कर रही हैं। उनका प्रयास है कि पहाड़ के पारंपरिक अनाज को नए स्वरूप में बाजार तक पहुंचाया जाए और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए।
गौचर मेले में पहाड़ी उत्पादों को मिल रही पसंद से महिला उद्यमियों के उत्साह को भी नई उड़ान मिली है। स्थानीय अनाज को बाजार और महिलाओं की मेहनत को मंच मिले तो पहाड़ में स्वरोजगार की संभावनाएं और मजबूत हो सकती हैं।
