तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार से सम्मानित नंदा सती ने लोकसंस्कृति के संरक्षण में बनाई अलग पहचान, पांच हजार से अधिक महिलाओं और बच्चों को दे चुकी हैं प्रशिक्षण
पीपलकोटी। पहाड़ की समृद्ध लोक-संस्कृति और पारंपरिक मांगल गीतों को नई पहचान दिलाने वाली चमोली की बेटी नंदा सती को मातृशक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। नारायणबगड़ विकासखंड के नारायणबगड़ गांव निवासी नंदा सती को प्रतिष्ठित तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मांगल गीतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए उनके प्रयासों को यह सम्मान मिलने से सीमांत जनपद चमोली में खुशी का माहौल है।
नंदा सती लोक में ‘मांगल गर्ल’ के नाम से पहचान रखती हैं। उन्होंने पहाड़ की पारंपरिक मांगल गायन शैली, लोकगीतों और मां नंदा देवी के जागरों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। अपनी मधुर आवाज और हारमोनियम पर शानदार प्रस्तुति के माध्यम से वह उत्तराखंड की लोक-संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचा रही हैं।
राष्ट्रपति के हाथों हासिल कर चुकी हैं गोल्ड मेडल
नंदा सती की उपलब्धियां केवल लोकगायन तक सीमित नहीं हैं। वर्ष 2023 में उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों संगीत विषय में मास्टर ऑफ आर्ट की उपाधि में गोल्ड मेडल प्रदान किया गया था। उन्होंने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर से स्नातक और संगीत विषय में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह संगीत विषय में पीएचडी कर रही हैं और विश्वविद्यालय में विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में भी सेवाएं दे रही हैं।
बुजुर्गों से विरासत में मिले लोकगीतों को बना लिया जीवन का उद्देश्य
नारायणबगड़ गांव में पली-बढ़ी नंदा को मांगल गीतों की समझ और गायन की प्रेरणा गांव के बुजुर्गों से मिली। उनके पिता ब्रह्मानंद सती पौरोहित्य का कार्य करते हैं, जबकि मां गृहणी हैं। नंदा का कहना है कि लोकगीत और मांगल गीत हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं। ये पीढ़ी दर पीढ़ी हस्तांतरित होते हैं और इनके बिना पहाड़ के लोकजीवन की कल्पना अधूरी है। गांव के बुजुर्गों से मिली इस विरासत को सहेजना वह अपना दायित्व मानती हैं।
पांच हजार से अधिक महिलाओं और बच्चों को दे चुकी हैं प्रशिक्षण
नंदा सती पिछले कई वर्षों से महिलाओं और बच्चों को मांगल गीतों एवं पारंपरिक लोकगीतों का प्रशिक्षण दे रही हैं। अब तक पांच हजार से अधिक लोगों को लोकगीतों से जोड़ने का उनका प्रयास रहा है। वह बच्चों को हारमोनियम बजाने और पारंपरिक गीतों की बारीकियां भी सिखाती हैं। इसके साथ ही पिछले करीब दस वर्षों से मां नंदा देवी के जागरों और लोकगीतों के संरक्षण में जुटी हैं। आगामी नंदा देवी राजजात से पहले मां नंदा के जागरों और लोकगीतों की एल्बम तैयार करने की भी उनकी योजना है।
कोरोना काल में डिजिटल मंचों से पहुंचाई लोक-संस्कृति की खुशबू
कोरोना संक्रमण के दौरान जब सार्वजनिक आयोजन बंद थे, तब नंदा सती ने फेसबुक लाइव, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे डिजिटल माध्यमों को लोक-संस्कृति के प्रचार का जरिया बनाया। ऑनलाइन प्रस्तुतियों और प्रशिक्षण के माध्यम से उन्होंने हजारों लोगों को पारंपरिक मांगल गीतों से जोड़ा। खासकर युवा पीढ़ी के बीच उनके प्रयासों को खूब सराहना मिली।
नंदा सती का मानना है कि आधुनिकता के दौर में अपनी भाषा, परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों को बचाए रखना बेहद जरूरी है। मांगल गीतों के संरक्षण के लिए उनकी यह पहल पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बन रही है।

