
मरीजों और स्कूली बच्चों की बढ़ेंगी मुश्किलें, निर्माण कार्य के दौरान मार्ग पूरी तरह बंद करने का विरोध
केएस असवाल गौचर : कर्णप्रयाग-धारडुंगरी-नैणीसैंण मोटर मार्ग को निर्माण कार्य के दौरान पूरी तरह बंद करने के फैसले से कपिरी पट्टी के ग्रामीणों में आक्रोश है। क्षेत्र की 14 ग्राम सभाओं समेत आसपास के गांवों की हजारों की आबादी की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए कपिरी विकास संघर्ष समिति ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर मार्ग को पूरी तरह बंद नहीं करने की मांग की है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जबरन सड़क बंद की गई तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे।
समिति ने ज्ञापन में कहा कि बहुगुणा नगर कर्णप्रयाग में सिंचाई विभाग की ओर से ट्रीटमेंट एवं निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत कर्णप्रयाग-धारडुंगरी-नैणीसैंण मोटर मार्ग को मुख्य मार्ग से आईटीआई तक पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया है। यह मार्ग न्याय पंचायत कुंडारा की 14 ग्राम सभाओं के अलावा नौकोट, डिमर और मैंदुरा समेत कई गांवों के लिए कर्णप्रयाग पहुंचने का प्रमुख रास्ता है।
समिति का कहना है कि सड़क बंद होने से सबसे अधिक परेशानी मरीजों और गर्भवती महिलाओं को होगी। आपातकालीन स्थिति में उन्हें अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन जाएगा। वहीं, क्षेत्र के सैकड़ों बच्चे इसी मार्ग से कर्णप्रयाग के स्कूलों में पढ़ने आते-जाते हैं। नौकरीपेशा लोगों, दैनिक मजदूरों और व्यापारियों की आवाजाही भी प्रभावित होगी। ग्रामीणों को जरूरी सामान की खरीदारी के लिए भी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
समिति ने कहा कि सड़क बंद होने से गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। स्थानीय वाहन स्वामियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। कर्णप्रयाग बाजार की गतिविधियां भी काफी हद तक इस मार्ग पर निर्भर हैं। ऐसे में निर्माण कार्य के नाम पर पूरे क्षेत्र की आवाजाही बाधित करना उचित नहीं है।
ज्ञापन में बताया गया कि आठ अगस्त 2026 को समिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्माण कार्य के दौरान मोटर मार्ग को पूरी तरह बंद करने के फैसले का विरोध करने का निर्णय लिया गया था। समिति ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण निर्माण कार्य के विरोध में नहीं हैं, बल्कि यातायात पूरी तरह बंद करने के निर्णय का विरोध कर रहे हैं।
समिति ने जिलाधिकारी से जनहित में वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए मार्ग पर यातायात सुचारु रखने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और कार्यदायी संस्था ने जबरन सड़क बंद की तो क्षेत्रवासी लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से आंदोलन शुरू करेंगे।
दो माह में काम पूरा करने का प्रयास
उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने बताया कि निर्माण कार्य को लेकर समिति गठित की गई है। प्रशासन का प्रयास है कि संबंधित कार्य दो माह के भीतर पूरा कर लिया जाए।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष खिलदेव सिंह राणा, महामंत्री महिपाल सिंह नेगी, भगवान सिंह कंडवाल, संजय कंडवाल, बलवंत सिंह, दिनेश चंद्र, शंकर सिंह, अनिल बिष्ट, लक्ष्मण रावत, ममता देवी, किरन देवी, राखी देवी सहित अनेक ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

