गोपेश्वर : चमोली में लापता दो नाबालिग बरामद, एक आरोपित गिरफ्तार

Team PahadRaftar

नंदानगर की बालिका पिथौरागढ़ और थराली की बालिका देहरादून में मिली, पुलिस ने दर्ज मुकदमों में बढ़ाईं धाराएं

चमोली। जिले में लापता दो नाबालिग बालिकाओं की तलाश में जुटी पुलिस को सफलता मिली है। नंदानगर और थराली से लापता दोनों बालिकाओं को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। नंदानगर पुलिस ने एक मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

पिथौरागढ़ से बरामद हुई बालिका, युवक गिरफ्तार

नंदानगर क्षेत्र की एक महिला ने 22 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर देकर अपनी नाबालिग पुत्री के 19 अक्टूबर की रात से लापता होने की सूचना दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगालने के बाद पुलिस टीम ने पिथौरागढ़ जिले के बलुवाकोट क्षेत्र के ग्राम गुइंया निवासी प्रेम प्रकाश कुमार (19) को गिरफ्तार कर लिया। बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, बालिका का आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। विवेचना में मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 3/4 की बढ़ोतरी की गई है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

कॉलेज जाने के बाद लापता हुई थी बालिका

थराली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने सात अक्टूबर को अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। बालिका एक अक्टूबर को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।

उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एसओजी की मदद से मोबाइल नंबर की सीडीआर और लोकेशन का विश्लेषण किया। लगातार खोजबीन के बाद 23 अक्टूबर को बालिका को देहरादून क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

इनकी रही अहम भूमिका

नंदानगर पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक नवीन पंवार, कांस्टेबल शोभन सिंह और महिला कांस्टेबल पूजा शामिल रहे। वहीं, थराली पुलिस और एसओजी की टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार भारती, कांस्टेबल आशुतोष तिवारी, कांस्टेबल रजत और महिला होमगार्ड शिवानी जोशी शामिल रहीं।

Leave a Reply

Next Post

पीपलकोटी : गोपेश्वर महाविद्यालय में जीत का परचम लहराकर गांव लौटीं अपेक्षा नेगी, मठ में हुआ भव्य स्वागत

कोषाध्यक्ष पद पर जीत के बाद मठ गांव पहुंचीं अपेक्षा नेगी, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत गोपेश्वर महाविद्यालय में एनएसयूआई के टिकट पर दर्ज की जीत, जनप्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं से किया अभिनंदन पीपलकोटी/ गोपेश्वर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर के छात्रसंघ चुनाव में कोषाध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने के बाद […]

You May Like