चमोली : दीनदयाल मातृ-पितृ योजना के तहत ज्योतिर्मठ के 29 बुजुर्ग तीर्थयात्रा पर रवाना

Team PahadRaftar

दीनदयाल मातृ-पितृ योजना के तहत ज्योतिर्मठ के 29 बुजुर्ग तीर्थयात्रा पर रवाना

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने दिखाई हरी झंडी, कुमाऊं के प्रमुख धार्मिक स्थलों के करेंगे दर्शन

संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ :  उत्तराखंड सरकार की दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत सीमांत क्षेत्र ज्योतिर्मठ के 29 वरिष्ठ नागरिकों का दल बुधवार को पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट सहित कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुआ। जीएमवीएन नृसिंह कॉम्प्लेक्स से बदरी विशाल के जयकारों के बीच बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर जीएमवीएन और पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने तीर्थाटन पर जा रहे वरिष्ठ नागरिकों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। जीएमवीएन ज्योतिर्मठ के प्रबंधक प्रदीप मंद्रवाल ने सभी यात्रियों का अभिनंदन किया। तीर्थाटन को लेकर वरिष्ठ नागरिकों में खासा उत्साह नजर आया।

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद, देहरादून के माध्यम से संचालित इस योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है। यात्रा के दौरान दल को बैजनाथ, बागेश्वर, चकोरी, बागनाथ और गंगोलीहाट स्थित मां हाट कालिका मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।

तीर्थाटन दल के साथ जीएमवीएन ज्योतिर्मठ के जयपाल बिष्ट मुख्य गाइड के रूप में मौजूद हैं। इस दौरान पर्यटन विभाग के मुकेश कुमार, मदन बर्त्वाल और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े महेंद्र भुजवान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : गौचर में प्रेस क्लब कार्यालय का उद्घाटन, पदाधिकारियों ने ली शपथ

एसडीएम अलकेश नौडियाल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को दिलाई शपथ, पत्रकारों की एकजुटता पर दिया जोर गौचर (चमोली)। नगर पालिका गौचर में प्रेस क्लब कार्यालय का बुधवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रवीर गायत्री और जिलाध्यक्ष दिग्पाल गुंसाई ने […]

You May Like