
गौशाला तोड़कर बैल को किया घायल, ग्रामीणों ने वन विभाग से लगाई गुहार
केएस असवाल
चमोली /पोखरी। विकासखंड पोखरी के काण्डई चंद्रशिला गांव में भालू के हमले से ग्रामीणों में दहशत है। बीती रात भालू ने संजय किमोठी की गौशाला तोड़कर उनकी दुधारू गाय को मार डाला। वहीं, कलावती देवी की गौशाला को क्षतिग्रस्त कर बैल को घायल कर दिया।

गांव में भालू की बढ़ती सक्रियता से पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है। ग्राम प्रधान भगत भंडारी, पूर्व प्रधान नवीन राणा सहित ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवरों के हमलों से पशुपालकों को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है। अब गौशालाओं में बंधे मवेशी भी सुरक्षित नहीं हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से भालुओं की सक्रियता पर अंकुश लगाने, प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।

