
कार्तिक संक्रांति पर बदरीनाथ धाम में नारद उत्सव, नारद शिला पर हुई पूजा-अर्चना
संजय कुंवर
बदरीनाथ धाम। कार्तिक संक्रांति के पावन अवसर पर शनिवार को श्री बदरीनाथ धाम में श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के संयुक्त तत्वावधान में नारद उत्सव मनाया गया। इस दौरान नारद शिला, नारद कुंड और तप्त कुंड के निकट विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।

उत्सव का शुभारंभ मंदिर परिसर में गणेश पूजा और कलश पूजा से हुआ। इसके बाद अलकनंदा नदी से जल कलश यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नारद कुंड पहुंची, जहां बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने पूजा-अर्चना की। धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल और वेदपाठी डॉ. रवींद्र भट्ट ने पूजा संपन्न कराई। इसके बाद तप्त कुंड के निकट भगवान नारद का अभिषेक किया गया।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्रद्धालुओं को नारद उत्सव की शुभकामनाएं दीं। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि विजयदशमी पर बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि घोषित की जाएगी।
इस अवसर पर बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, उपाध्यक्ष भास्कर डिमरी सहित मंदिर समिति, तीर्थ पुरोहित और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सामूहिक प्रसाद वितरण के साथ उत्सव का समापन हुआ।
उधर, बदरीनाथ धाम में मौसम ने करवट ले ली है। बारिश के बीच आसपास की पर्वत चोटियों पर बर्फबारी शुरू होने से ठंड बढ़ गई है।
