
नई दिल्ली में आयोजित इन्स्पायर अवार्ड मानक की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 792 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
केएस असवाल
गोपेश्वर। इन्स्पायर अवार्ड मानक की 12वीं राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में जनपद चमोली के तीन छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर जिले का प्रतिनिधित्व किया। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान (एनआईएफ) की ओर से 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें देशभर से 792 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इन्स्पायर अवार्ड मानक के जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल ने बताया कि चमोली से उनके नेतृत्व में तीन विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज कूनीपार्था की गीतांजलि, राजकीय इंटर कॉलेज लाटूगैर की दिव्या भारती और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विरसण के आदित्य शामिल रहे।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर विद्यार्थियों को अपने विचारों और परियोजनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों और जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल को बधाई एवं धन्यवाद दिया। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने वाले विद्यालयों और शिक्षकों को भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
