
पांच सितंबर से शुरू होगी मां नंदा राजराजेश्वरी की बड़ी जात, कुरुड़ में तीन दिवसीय सांस्कृतिक मेले का शुभारंभ
गोपेश्वर : नंदानगर की ब्लाक प्रमुख हिमा नेगी ने कहा कि इस वर्ष पांच सितंबर से शुरू होने वाली मां नंदा राजराजेश्वरी की बड़ी जात यात्रा को भव्य रूप दिया जाएगा। इसके लिए सभी नंदा भक्तों को एकजुट होकर सहयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि बड़ी जात में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है और यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
नंदा सिद्धपीठ कुरुड़ में तीन दिवसीय मां नंदा पर्यटन एवं सांस्कृतिक मेले का शुभारंभ करते हुए ब्लाक प्रमुख ने कहा कि पांच सितंबर से बड़ी जात यात्रा का आगाज होगा। यात्रा उच्च हिमालय में स्थित होमकुंड तक जाएगी। होमकुंड में मां नंदा की कैलाश विदाई के साथ धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद चौंसिंग्या खाडू की विदाई होगी।
उन्होंने नंदा भक्तों से बड़ी जात में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मां नंदा का आशीर्वाद लेने का आह्वान किया। कहा कि नंदा भक्तों के सहयोग से इस बार की यात्रा यादगार बनेगी। बड़ी जात को लेकर क्षेत्र में उमंग और उल्लास का माहौल है और यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ इतिहास में भी नई इबारत लिखेगी।
उन्होंने बड़ी जात से पूर्व तीन दिवसीय मेले के आयोजन को सराहनीय पहल बताया। मेले में महिला मंगल दलों और स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मां नंदा के जागरों की शानदार प्रस्तुतियों ने भी लोगों को भावविभोर कर दिया।
इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य कमला देवी, देवेश्वरी देवी, मोहन प्रसाद, हीरा देवी, प्रकाश लाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य संगठन के अध्यक्ष दशरथ सिंह बिष्ट, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष महिपाल सिंह, भाजपा उपाध्यक्ष सुमेर सिंह और कुरुड़ की प्रधान हेमा देवी ने विचार रखे। सभी ने बड़ी जात को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष अवतार सिंह बिष्ट और बीडीसी सदस्य देवेश्वरी देवी नेगी ने संयुक्त रूप से किया। बड़ी जात को लेकर नंदा सिद्धपीठ कुरुड़ मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिर परिसर समेत पूरा कुरुड़ क्षेत्र नंदामय नजर आ रहा है।

