ऊखीमठ : डाॅ. कैलाश पुष्वाण के निधन पर देवरियाताल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला स्थगित

Team PahadRaftar

चार सितंबर को होना था भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन, मेला समिति ने सर्वसम्मति से लिया निर्णय

लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। पंचकेदार होटल एवं होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा जिला पंचायत सदस्य परकंडी प्रीति पुष्वाण के पति डाॅ. कैलाश पुष्वाण के सड़क हादसे में आकस्मिक निधन के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। शोकाकुल माहौल को देखते हुए देवरियाताल में चार सितंबर को प्रस्तावित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला स्थगित कर दिया गया है।

मेला महामंत्री योगेंद्र नेगी ने बताया कि देवरियाताल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रतिवर्ष धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेले का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी मेले को लेकर तैयारियां शुरू हो गई थीं। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां देवरियाताल पहुंचनी थीं। मेले को लेकर ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों में उत्साह था।

उन्होंने बताया कि डाॅ. कैलाश पुष्वाण के असामयिक निधन से क्षेत्रवासी और मेला समिति गहरे शोक में हैं। ऐसी दुखद परिस्थितियों में मेले का आयोजन उचित नहीं समझते हुए समिति ने सर्वसम्मति से चार सितंबर को प्रस्तावित आयोजन स्थगित करने का निर्णय लिया है।

डाॅ. कैलाश पुष्वाण सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने के साथ होटल और होम स्टे व्यवसाय से जुड़े लोगों के हितों के लिए भी सक्रिय रहे। उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए मेला समिति ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मेला समिति के निर्णय को क्षेत्रवासियों ने भी उचित बताते हुए डाॅ. कैलाश पुष्वाण को श्रद्धांजलि दी। मेला महामंत्री योगेंद्र नेगी ने लोगों से शोक की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े रहने तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।

Leave a Reply

Next Post

गोपेश्वर : 17 अक्तूबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे रुद्रनाथ धाम के कपाट

17 अक्तूबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे रुद्रनाथ धाम के कपाट संजय कुंवर गोपेश्वर। चतुर्थ केदार के रूप में प्रसिद्ध भगवान रुद्रनाथ धाम के कपाट 17 अक्तूबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद शीतकालीन पूजा गोपेश्वर स्थित गोपीनाथ मंदिर में होगी। कपाट बंद होने से […]

You May Like