
केएस असवाल गौचर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) गौचर में परख सर्वे की तैयारियों को लेकर तीन दिवसीय प्रश्नपत्र निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई। 24 से 26 अगस्त तक चली कार्यशाला में चमोली जिले के नौ विकासखंडों से उच्च प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों और प्रत्येक विकासखंड से एक बीआरपी समेत 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यशाला का उद्देश्य राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (NAS) 2027 की तैयारियों के तहत कक्षा छह, सात और आठ के सामाजिक विज्ञान विषय में दक्षता व सीखने के प्रतिफल आधारित वर्कशीट और प्रश्नपत्र तैयार करना रहा। प्रतिभागियों को दक्षता आधारित प्रश्न तैयार करने के साथ ही सीखने के प्रतिफलों के अनुरूप प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यशाला समन्वयक डॉ. गजपाल राज ने परख प्रश्नपत्र निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। संदर्भदाता बीरेन्द्र सिंह कठैत, रविंद्र सिंह वर्खाल, बीएल जितेला और डॉ. कमलेश कुमार मिश्र ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान योगेंद्र सिंह बर्त्वाल, सुमन भट्ट, मृणाल जोशी समेत सभी विकासखंडों के डायट मेंटर मौजूद रहे।
कक्षा तीन से 12वीं तक तैयार होंगे दक्षता आधारित प्रश्नपत्र
समापन सत्र में डायट प्राचार्य आकाश सारस्वत ने कहा कि कक्षा तीन से 12वीं तक सभी विषयों के लिए दक्षता आधारित प्रश्नपत्र तैयार किए जाएंगे। इसके लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर संदर्भ समूह गठित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था का अगला लक्ष्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापरक शिक्षा देना है और इसी दिशा में विभिन्न स्तरों पर सर्वे किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में परख सर्वे कक्षा तीन, छह और नौ के विद्यार्थियों के लिए किया जाएगा। सर्वे के माध्यम से विद्यार्थियों की सीखने की उपलब्धियों और दक्षताओं का आकलन किया जाएगा।
समापन सत्र में शिक्षक दशरथ लाल टम्टा और सोनी भंडारी ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन कार्यशाला समन्वयक डॉ. गजपाल राज ने किया।
