केएस असवाल गोपेश्वर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर चल रहे राज्यव्यापी वृक्षारोपण अभियान के तहत शनिवार को दशोली विकासखंड के टंगसा स्थित दशोली ग्राम स्वायत्त मंडल में पर्यावरण संरक्षण को लेकर गोष्ठी, वृक्षारोपण और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर 60 पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंडी प्रसाद भट्ट पर्यावरण एवं विकास केंद्र (सीपीबीसीईडी) गोपेश्वर तथा वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज बच्छेर के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। गोष्ठी में विद्यार्थियों को संविधान के अनुच्छेद 48(क) एवं 51(क)(g) के तहत पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता पर बढ़ते संकट के बीच वृक्षारोपण भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण का आधार है।
वृक्षारोपण के बाद निकाली गई जागरूकता रैली में विद्यार्थियों ने “एक पेड़ मां के नाम”, “पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ” और “स्वच्छ पर्यावरण-स्वस्थ जीवन” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का कानूनी और नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
चंडी प्रसाद भट्ट पर्यावरण एवं विकास केंद्र के प्रबंधक न्यासी ओम भट्ट ने हिमालयी क्षेत्रों की जैव विविधता, जल स्रोतों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर देते हुए युवाओं से वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
इस अवसर पर चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल समीर बहुगुणा, डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल मोहन पंत, मंगला कोठियाल, मनोज तिवारी, अबक सिंह, राजकीय इंटर कॉलेज बच्छेर के शिक्षक विक्रांत नेगी, तेजपाल सिंह रावत, नरेश नेगी, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विनय सेमवाल ने किया।

