ऊखीमठ : विद्यालय से विदाई, गांव में सम्मान, प्रताप धर्म्वाण के लिए उमड़ा स्नेह

Team PahadRaftar

सेवानिवृत्ति पर विद्यालय परिवार ने किया सम्मानित, पैतृक गांव मंगोली में हुआ भव्य स्वागत

लक्ष्मण नेगी

ऊखीमठ : मदमहेश्वर घाटी की हृदयस्थली राजकीय इंटर कॉलेज मनसूना में लंबे समय तक सहायक अध्यापक के रूप में सेवाएं देने वाले प्रताप धर्म्वाण को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रताप धर्म्वाण ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए भी लगातार कार्य किया। उनके सरल स्वभाव, अनुशासनप्रियता और समर्पण भावना ने उन्हें विद्यार्थियों और सहकर्मियों के बीच विशेष पहचान दिलाई।

विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह, शॉल और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस दौरान कई शिक्षक और छात्र भावुक हो उठे और उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए।

मंगोली गांव में ढोल-दमाऊं के साथ स्वागत

सेवानिवृत्ति के बाद अपने पैतृक गांव मंगोली पहुंचने पर प्रताप धर्म्वाण का ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने भव्य स्वागत किया। गांव में आयोजित सम्मान समारोह में ढोल-दमाऊं की थाप के साथ उनका अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस मौके पर प्रताप धर्म्वाण ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने सेवाकाल के दौरान विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों का जो स्नेह और सहयोग मिला, वह जीवनभर स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक और शैक्षिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्वाण, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, पूर्व प्रधान राय सिंह धर्म्वाण, प्रधानाचार्य महेश नौटियाल समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Next Post

चमोली : गैस गोदाम से होटलों तक छापा, 25 व्यावसायिक व 4 घरेलू सिलेंडर जब्त

सिमली गैस गोदाम में वितरण व्यवस्था पर उठे सवाल, एसडीएम ने मांगी रोजाना रिपोर्ट केएस असवाल चमोली : उपभोक्ताओं को सुरक्षित और पारदर्शी गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को प्रशासन ने सिमली गैस गोदाम से लेकर कर्णप्रयाग के होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान […]

You May Like