गौचर : रानौ-काण्डा-क्वैंठी मोटर मार्ग बारिश से ध्वस्त, दो मकानों पर मंडराया खतरा

Team PahadRaftar

केएस असवाल 

गौचर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने विकासखंड पोखरी क्षेत्र में रानौ-काण्डा-क्वैंठी मोटर मार्ग को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से उसके समीप स्थित दो आवासीय भवन खतरे की जद में आ गए हैं। इससे प्रभावित परिवारों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

भवन स्वामी राकेश लाल और गिरीश लाल ने बताया कि पिछले वर्ष भी भारी बारिश के दौरान उनके मकानों में दरारें पड़ गई थीं। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे और सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई राहत नहीं मिल सकी। लगातार हो रही बारिश के कारण इस बार स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है तथा भवनों के कभी भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है।

ग्राम क्वैंठी के सामाजिक कार्यकर्ता गोकुल सिंह नेगी ने बताया कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो दोनों मकानों को बड़ा नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने, सड़क की मरम्मत कराने और राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षतिग्रस्त सड़क के कारण आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय करने और सड़क की शीघ्र मरम्मत कर संभावित हादसे को टालने की मांग की है।

Next Post

चमोली : बलिदान दिवस पर आयुष विभाग ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, औषधीय पौधों का रोपण कर दी श्रीदेव सुमन को श्रद्धांजलि

केएस असवाल (चमोली)। श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस एवं देवशयनी एकादशी के अवसर पर शनिवार को आयुष विभाग के आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) चमोला चिकित्सालय की ओर से विकासखंड कर्णप्रयाग के राजकीय जूनियर हाईस्कूल सेनु और राजकीय प्राथमिक विद्यालय सेनु में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान औषधीय […]

You May Like