संजय कुंवर, ज्योतिर्मठ। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ज्योतिर्मठ में हरेला पर्व के अवसर पर 16 से 23 जुलाई तक आयोजित पर्यावरण जन-जागरण सप्ताह का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। सप्ताहभर चले कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान ‘वृक्ष लगाओ-पर्यावरण बचाओ’, ‘पानी बचाओ’ और ‘प्लास्टिक हटाओ-पर्यावरण बचाओ’ विषयों पर चित्रकला, पोस्टर, निबंध, भाषण एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के साथ जन-जागरण रैली का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शंभू प्रसाद चमोला ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के अभिभावक जगदीश कपूर ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर हिंदुस्तान ओलंपियाड में जनपद स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालय के छात्र सुमित कुमार को ₹1100 की नगद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रकाश पवार, भारत सिंह भंडारी, सलोनी, चंद्रकला, आशुतोष, नितिन, संगीता, प्रदीप, पुरुषोत्तम, हरेंद्र, मनोज, आरती एवं करिश्मा सहित विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा।

