
हेमकुंड यात्रा में बेहतर समन्वय का मिला पुरस्कार, एसआई अमनदीप सिंह बने ‘मैन ऑफ द मंथ’
गिरीश चंदोला गोपेश्वर। श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और विभिन्न पक्षों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने वाले चमोली पुलिस के उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को जुलाई 2026 का ‘पुलिस मैन ऑफ द मंथ’ चुना गया है। चमोली पुलिस ने उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस के अनुसार, घांघरिया में निहंग श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुई कहासुनी के बाद माहौल संवेदनशील हो गया था। ऐसे समय में उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह ने सिख श्रद्धालुओं, विभिन्न निहंग जत्थों, पंजाब समेत अन्य राज्यों से आए प्रतिनिधियों और स्थानीय व्यापारियों से लगातार संवाद कर हालात सामान्य बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सोशल मीडिया के माध्यम से भी उन्होंने शांति और आपसी विश्वास का संदेश पहुंचाया।
यात्रा के दौरान उन्होंने घांघरिया, श्री हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने में भी अहम योगदान दिया। पुलिस के अनुसार, अब तक करीब 2.30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षित यात्रा में उनकी भूमिका सराहनीय रही है।
चमोली पुलिस ने उनके कार्य को सामुदायिक पुलिसिंग, प्रभावी संवाद और बेहतर यात्रा प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए जुलाई माह का ‘पुलिस मैन ऑफ द मंथ’ सम्मान प्रदान किया।
