
गिरीश चंदोला थराली (चमोली)। चमोली जिले के थराली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल पहुंची किशोरी की जांच में उसके 26 सप्ताह की गर्भवती होने का पता चला। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को किशोरी के परिजनों ने थाना थराली में सूचना दी कि उनकी नाबालिग पुत्री लंबे समय से पेट दर्द से परेशान थी। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और अन्य चिकित्सकीय जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि वह करीब 26 सप्ताह की गर्भवती है।
पुलिस पूछताछ में किशोरी ने आरोप लगाया कि विकासखंड देवाल के मल्ला मुंदोली निवासी अजय कुनियाल ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना थराली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(जे)/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला जेल पुरसाड़ी भेज दिया।
एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि नाबालिगों के खिलाफ अपराध के मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
