बदरीनाथ : श्रावण के पहले सोमवार पर रडांग शिवालय जलधारा का उद्घाटन, शिव दर्शन की लोकमान्यता बनी आकर्षण

Team PahadRaftar

श्रावण के पहले सोमवार पर रडांग शिवालय जलधारा का उद्घाटन, शिव दर्शन की लोकमान्यता बनी आकर्षण

संजय कुंवर बदरीनाथ। श्रावण मास के पहले सोमवार के अवसर पर बदरीनाथ धाम से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित रडांग शिवालय में नव विकसित संपर्क मार्ग एवं पवित्र जलधारा का हवन-पूजन के साथ लोकार्पण किया गया। बदरीनाथ नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं की उपस्थिति में इसका उद्घाटन किया।

नगर पंचायत की ओर से शिवालय तक पहुंचने के लिए संपर्क मार्ग का निर्माण और जलधारा का सौंदर्यीकरण कराया गया है। इससे अब श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। श्रावण के पहले सोमवार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

रडांग शिवालय से जुड़ी एक स्थानीय लोकमान्यता भी लोगों की आस्था का केंद्र बनी हुई है। बदरीनाथ के होटल व्यवसायी राम नारायण भंडारी ने बताया कि पहले यहां केवल एक छोटा शिवलिंग था। राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण कार्य के दौरान एक सड़क निर्माण इंजीनियर को इस स्थान पर साधु के वेश में एक व्यक्ति दिखाई दिया, जो मंदिर के समीप पहुंचकर अचानक ओझल हो गया। स्थानीय लोग इसे भगवान शिव के साक्षात दर्शन मानते हैं। इसके बाद यहां शिवालय का निर्माण कराया गया, जिसे अब नगर पंचायत ने विकसित कर संपर्क मार्ग और आकर्षक जलधारा से सुसज्जित किया है।

श्रद्धालुओं का मानना है कि श्रावण मास में इस शिवालय के दर्शन और जलाभिषेक का विशेष महत्व है। उद्घाटन के बाद मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए और श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : सावन की पहली बारिश में गौचर के वार्ड-6 में जलभराव, कई घरों में घुसा पानी

सावन की पहली बारिश में गौचर के वार्ड-6 में जलभराव, कई घरों में घुसा पानी केएस असवाल गौचर। सावन की पहली तेज बारिश ने गौचर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-6 के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। रविवार रात्रि में मूसलाधार बारिश से हवाई पट्टी के समीप कई आवासीय भवनों […]

You May Like