
चमोली, गिरीश चंदौला। बदरीनाथ धाम में चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच के बीच अब श्री बदरीश पंडा पंचायत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर धाम में कथित रूप से पैसे लेकर विशेष दर्शन कराने और अनाधिकृत प्रवेश दिलाने के आरोपों की भी जांच कराने की मांग उठाई है। पंचायत ने कहा कि चढ़ावा हेराफेरी की जांच का दायरा बढ़ाकर इन मामलों को भी शामिल किया जाए।
पंडा पंचायत ने 17 जुलाई को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि कुछ लोग श्रद्धालुओं और यात्रियों से धन लेकर नियमों के विपरीत दर्शन करा रहे हैं। साथ ही विभिन्न विभागों के कुछ कर्मचारियों पर मंदिर के नंबर-2 गेट से लोगों को कथित रूप से अनाधिकृत प्रवेश दिलाने का भी आरोप लगाया गया है।
पत्र में कहा गया है कि यदि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाती है तो धाम की व्यवस्थाओं से जुड़ी अन्य अनियमितताएं भी सामने आ सकती हैं। पंचायत ने मांग की है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि बद्रीनाथ धाम की व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे।
पंडा पंचायत ने चढ़ावा हेराफेरी मामले में राज्य सरकार और एसआईटी की अब तक की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि वह जांच एजेंसियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है।
