
केएस असवाल, गौचर : चारधाम यात्रा के दौरान नगर क्षेत्र में बढ़ रही अव्यवस्था और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों को लेकर व्यापारियों ने चिंता जताई है। व्यापार संघ गौचर ने पुलिस चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मुख्य बाजार सहित पूरे क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल ने कहा कि यात्रा मार्ग पर कुछ लोग श्रद्धालुओं के भेष में स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। इससे व्यापारियों के साथ-साथ आम जनता में भी असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हुड़दंगबाजी के कारण बाजार में आने-जाने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि नगर क्षेत्र में दिन-रात पुलिस की पर्याप्त तैनाती की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। साथ ही चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले विभिन्न बैठकों में लिए गए निर्णयों को भी सख्ती से लागू किया जाए।
व्यापार संघ ने बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग को भी बड़ी समस्या बताया। उनका कहना है कि कई लोग अपने दुपहिया और चौपहिया वाहनों को मुख्य बाजार में आड़े-तिरछे खड़ा कर देते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होने के साथ ही राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
व्यापारियों ने कहा कि जल्द ही विद्यालय खुलने वाले हैं और कांवड़ यात्रा भी शुरू होने जा रही है। ऐसे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन को अभी से आवश्यक तैयारियां शुरू कर देनी चाहिए।
व्यापारियों का कहना है कि प्रभावी पुलिस गश्त और यातायात व्यवस्था से ही नगर क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल कायम रखा जा सकता है।
