तेवड़ी सेम नारायण मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा सुनने उमड़ रहे श्रद्धालु
लक्ष्मण नेगी ऊखीमठ। क्यूंजा घाटी स्थित तेवड़ी सेम नारायण मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ एवं कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा स्थल पर प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है।

प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य बृजमोहन नौटियाल अपने मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं। कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति, ध्रुव चरित्र सहित भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत मानव जीवन को सत्य, धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है तथा समाज में नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का सशक्त माध्यम है।
आचार्य नौटियाल ने श्रद्धालुओं से धर्म, सेवा, करुणा और संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि कलियुग में भगवान के नाम का स्मरण और सत्संग ही मोक्ष प्राप्ति का सरल मार्ग है। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव से भगवान के जयकारे लगाते हुए कथा श्रवण कर रहे हैं।
ग्राम प्रधान रजनी देवी ने बताया कि सात दिवसीय ज्ञान यज्ञ के सफल संचालन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रतिदिन यज्ञ, पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, कथा प्रवचन तथा प्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है। दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं।
पूर्व प्रधान श्रीकृष्ण सेमवाल ने बताया कि धार्मिक आयोजन के चलते पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि समापन अवसर पर विशेष पूजन, पूर्णाहुति, विशाल भंडारे और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर श्रीनंद नौटियाल, वासुदेव नौटियाल, सूर्य प्रकाश नौटियाल, शांति प्रसाद नौटियाल, उमेश चंद्र सती, पुष्कर सिंह, महावीर सिंह, जयकृष्ण सेमवाल, प्रकाश सिंह, शिशुपाल सिंह, अनुसूया प्रसाद सेमवाल, लक्ष्मी प्रसाद सेमवाल, जसपाल सिंह, जीत सिंह, रविंद्र प्रसाद सेमवाल, दरवान सिंह, गजपाल सिंह, सर्वेश्वर, मगनानंद, राजेंद्र सिंह, त्रिलोक सिंह, महावीर मिश्रा, सुरवीर सिंह, चंद्र मोहन, जगदंबा प्रसाद सेमवाल, विशाल मणि, वीरेंद्र सिंह, भरत सिंह और भूषण सिंह सहित वन पंचायत, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल के पदाधिकारी, सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
