
गिरीश चंदोला गोपेश्वर। उत्तराखंड सरकार द्वारा विभिन्न दायित्वधारियों की घोषणा के बाद चमोली जनपद को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। गोपेश्वर निवासी भाजपा की वरिष्ठ नेत्री को उत्तराखंड राज्य महिला आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर जिले भर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है।
चंद्रकला तिवारी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़कर संगठन में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। उन्होंने महिला मोर्चा सहित संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और महिलाओं को संगठन से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए इस नियुक्ति को उनकी लंबे समय की मेहनत और निष्ठा का परिणाम माना जा रहा है।
चंद्रकला तिवारी पूर्व में भाजपा महिला मोर्चा की गढ़वाल संयोजक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी हैं। संगठनात्मक अनुभव और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उनकी नियुक्ति पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री तथा प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह निर्णय महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे चमोली जनपद के लिए गौरव का विषय बताते हुए विश्वास जताया कि चंद्रकला तिवारी अपने नए दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए महिलाओं के हितों और अधिकारों के लिए प्रभावी भूमिका निभाएंगी। उनकी नियुक्ति को जिले में महिला नेतृत्व को मिले सम्मान के रूप में भी देखा जा रहा है। चमोली जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें सोशल मीडिया से भी बधाई दी जा रही है। पूर्व गौचर पालिका अध्यक्ष अंजू बिष्ट ने भी उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

