चमोली : पिंडर नदी में पोकलैंड से हो रही रिवर ड्रेजिंग पर उठे सवाल

Team PahadRaftar

ग्रामीणों ने नियमों की अनदेखी और प्रशासन को गुमराह करने का लगाया आरोप, हाईवे किनारे खड़े वाहनों से दुर्घटना का खतरा

गिरीश चंदोला संवाददाता, थराली : विकासखंड थराली के चेपड़ों गांव के नीचे पिंडर नदी में चल रहे रिवर ड्रेजिंग कार्य को लेकर विवाद गहराने लगा है। स्थानीय लोगों ने नदी में पोकलैंड मशीनों के उपयोग पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि नियमों की अनदेखी कर खनन कार्य किया जा रहा है तथा प्रशासन को भी गुमराह किया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि रिवर ड्रेजिंग कार्यों में भारी मशीनों के उपयोग की अनुमति केवल विशेष परिस्थितियों में दी जाती है, जबकि चेपड़ों क्षेत्र में ऐसी कोई स्थिति नजर नहीं आती। इसके बावजूद पिंडर नदी के बीचों-बीच पोकलैंड मशीनों से सामग्री निकासी का कार्य जारी है। इससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरणीय संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ड्रेजिंग से निकाली जा रही आईबीएम सामग्री के परिवहन में लगे भारी वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे आड़े-तिरछे खड़े किए जा रहे हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों से मामले का संज्ञान लेने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले थराली और आसपास के क्षेत्रों में हुए रिवर ड्रेजिंग कार्यों में भारी मशीनों के उपयोग पर प्रतिबंध रहा है, लेकिन इस बार अधिकारी नियमावली का हवाला देकर पोकलैंड मशीनों के इस्तेमाल को उचित ठहरा रहे हैं। ऐसे में मशीनों के उपयोग के लिए निर्धारित मानकों और शर्तों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस संबंध में जिला खान अधिकारी अंकित चंद्र ने बताया कि चेपड़ों गांव के नीचे संचालित रिवर ड्रेजिंग कार्य में मशीनों के उपयोग की अनुमति प्रदेश खनन मुख्यालय से प्राप्त है। उन्होंने कहा कि कार्य स्वीकृत नियमों और निर्धारित शर्तों के अनुरूप कराया जा रहा है।

वहीं स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग करते हुए कहा कि यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका कहना है कि पर्यावरणीय संतुलन और जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही उचित नहीं है।

Leave a Reply

Next Post

चमोली : विश्व पर्यावरण दिवस पर टेका मार्ग में पौधरोपण, स्वच्छता अभियान भी चलाया

जसपाल नेगी संवाददाता, पौड़ी : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में वन विभाग की ओर से पौधरोपण और स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। जिला मुख्यालय से लेकर तहसीलों और विकासखंडों तक आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने सहभागिता की। टेका […]

You May Like