चमोली : विश्व पर्यावरण दिवस पर टेका मार्ग में पौधरोपण, स्वच्छता अभियान भी चलाया

Team PahadRaftar

जसपाल नेगी संवाददाता, पौड़ी : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में वन विभाग की ओर से पौधरोपण और स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। जिला मुख्यालय से लेकर तहसीलों और विकासखंडों तक आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने सहभागिता की।

टेका मार्ग स्थित वन पंचायत केवर्स में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधे लगाए। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सभी की निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने वन विभाग को लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पौधे भविष्य में पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन, जैव विविधता संरक्षण और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान टेका मार्ग क्षेत्र में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने सड़क किनारे फैले कूड़े-कचरे का संग्रहण कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। एकत्रित कचरे को नगर पालिका के वाहन के माध्यम से निस्तारण के लिए भेजा गया।

प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट पदार्थों का उचित निस्तारण करने की अपील की।

उधर, गढ़वाल वन प्रभाग की ओर से जज कोर्ट परिसर के समीप भी पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जनपद की सभी तहसीलों और विकासखंडों में भी पौधरोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Leave a Reply

Next Post

गौचर : विश्व पर्यावरण दिवस पर पनाई में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

विश्व पर्यावरण दिवस पर पनाई में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प  केएस असवाल संवाददाता, गौचर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम पनाई में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण […]

You May Like