चमोली में जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज, 32 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण
16 अक्टूबर तक चलेगा प्रशिक्षण, तहसील स्तर पर प्रगणकों और सुपरवाइजरों को देंगे जानकारी
संजय कुंवर गोपेश्वर। जनपद चमोली में जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत जिला सभागार में 32 फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। गुरुवार को प्रशिक्षण के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी जेपी तिवारी ने प्रशिक्षुओं को जनगणना से संबंधित आवश्यक जानकारियां दीं।
जिला जनगणना अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर तहसील और चार्ज स्तर पर तैनात प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे।
उन्होंने बताया कि जनपद में जनगणना का द्वितीय चरण एक दिसंबर से चार जनवरी तक संचालित किया जाएगा। इसके बाद पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण में सहायक भूलेख अधिकारी राकेश पल्लव, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अमन, गौरव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

