गमसाली से मलारी तक चुनौतीपूर्ण ट्रैक पर दौड़ी साइकिलें, 27 राज्यों के 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
संजय कुंवर जोशीमठ (चमोली)। सीमांत नीति घाटी में आयोजित तीन दिवसीय ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का समापन मंगलवार को माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी) चैलेंज के साथ हुआ। गमसाली से मलारी के बीच आयोजित 30 किलोमीटर लंबी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दुर्गम पहाड़ी मार्गों और चुनौतीपूर्ण ट्रैक पर अपनी क्षमता का परिचय दिया।
पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में देश के 27 राज्यों से 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अंतिम दिन आयोजित एमटीबी प्रतियोगिता में 100 से अधिक साइकिल चालकों ने भागीदारी की।
30 किलोमीटर पुरुष वर्ग में खरिकसिंग अडॉनिस तांगपू ने पहला स्थान प्राप्त किया। सूरज राणा मगर दूसरे और प्रकाश थापा मगर तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में अवनी डरियाल विजेता रहीं, जबकि संध्या मौर्या ने दूसरा और इंद्रा कुमारी तमांग ने तीसरा स्थान हासिल किया।
15 किलोमीटर पुरुष वर्ग में प्रज्जवल चौहान प्रथम, इशांत सिंह अधिकारी द्वितीय और अश्विन रौथान तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में प्रिया ने पहला स्थान प्राप्त किया।
आयोजन के दौरान नीति घाटी खेल, साहसिक पर्यटन और स्थानीय संस्कृति का केंद्र बनी रही। प्रतिभागियों ने जहां ऊंचे हिमालयी क्षेत्र में रोमांच का अनुभव किया, वहीं स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली को भी करीब से जाना।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और युवाओं को फिटनेस व साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करना है।
आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, भारतीय सेना, आईटीबीपी, चिकित्सा विभाग, पर्यटन विभाग तथा अन्य विभागों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विजेता
30 किमी एमटीबी (पुरुष वर्ग)
- खरिकसिंग अडॉनिस तांगपू (प्रथम)
- सूरज राणा मगर (द्वितीय)
- प्रकाश थापा मगर (तृतीय)
30 किमी एमटीबी (महिला वर्ग)
- अवनी डरियाल (प्रथम)
- संध्या मौर्या (द्वितीय)
- इंद्रा कुमारी तमांग (तृतीय)
15 किमी एमटीबी (पुरुष वर्ग)
- प्रज्जवल चौहान (प्रथम)
- इशांत सिंह अधिकारी (द्वितीय)
- अश्विन रौथान (तृतीय)
15 किमी एमटीबी (महिला वर्ग)
- प्रिया (प्रथम)

