
गौरा देवी पर्यावरण सम्मान-2026 के लिए सात विभूतियों का चयन
155 नामों पर मंथन के बाद समिति ने लिया निर्णय, पर्यावरण संरक्षण से लेकर आजीविका संवर्धन तक के कार्यों को मिली पहचान
संजय कुंवर संवाददाता। गौरा देवी पर्यावरण सम्मान-2026 के लिए चयन समिति ने विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त 155 नामों पर विचार-विमर्श के बाद सात व्यक्तियों का चयन किया है। चयनित हस्तियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तीकरण, पत्रकारिता और इको-टूरिज्म के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
सम्मान के लिए चयनित अल्मोड़ा की मंजू आर. शाह चीड़ की पत्तियों से आकर्षक हस्तशिल्प उत्पाद तैयार कर पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ रही हैं। उन्होंने विभिन्न विद्यालयों और एनसीसी के विद्यार्थियों को भी प्रशिक्षण दिया है। उनके कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल चुकी है।
चौखुटिया के शंकर सिंह बिष्ट पिछले दस वर्षों से जल संरक्षण, तालाब निर्माण, ट्रेंच निर्माण और वनाग्नि नियंत्रण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके प्रयासों को देखते हुए उन्हें मुख्यमंत्री स्तर पर भी सम्मानित किया जा चुका है।
पौड़ी गढ़वाल की सावित्री ममगाईं लंबे समय से महिला समूहों और वन पंचायतों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास के कार्यों से जुड़ी हैं। वर्तमान में वह वन पंचायत सरपंच हैं और अपने कार्यों के लिए कई सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं।
चमोली के वरिष्ठ पत्रकार शेखर रावत को पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में योगदान के लिए चुना गया है। उन्होंने जाखेश्वर शिक्षण संस्थान के साथ मिलकर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है। वह महात्मा गांधी नरेगा के लोकपाल के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में दूरदर्शन के चमोली संवाददाता हैं।
आगाज फाउंडेशन के संस्थापक जेपी मैठाणी पिछले 25 वर्षों से पर्यावरण संरक्षण, आजीविका संवर्धन और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहे हैं। वहीं देवाल विकासखंड के हीरा सिंह बिष्ट ने होमस्टे के माध्यम से ग्रामीण पर्यटन को नई पहचान दिलाई है। उनकी सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिल चुका है।
रुद्रप्रयाग की रंजना रावत को वैकल्पिक रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे कार्यों के लिए चयनित किया गया है। उनके प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
समिति ने संस्थागत श्रेणी में नई दिल्ली की संस्था STEP को सम्मान के लिए चुना है। वहीं प्रतिभा सम्मान के लिए कार्तिक तिवारी, दिगंबर और ऋषभ नेगी का चयन किया गया है।
चयन समिति ने बताया कि सम्मान समारोह की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। समारोह में सभी चयनित व्यक्तियों और संस्था को सम्मानित किया जाएगा।

