चारधाम यात्रा : एसपी ने खुद संभाली कमान, गेट सिस्टम और सड़क व्यवस्था का लिया जायजा

Team PahadRaftar

ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी मार्ग का किया निरीक्षण, पुलिस कर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश

संजय कुंवर संवाददाता, ज्योतिर्मठ : चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव के बीच पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार रविवार को स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी पुल तक सड़क की स्थिति और गेट सिस्टम का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने मार्ग पर यातायात संचालन, पुलिस बल की तैनाती और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

गौरतलब है कि ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी के बीच सड़क के क्षतिग्रस्त और संकरे हिस्सों के कारण अक्सर यातायात प्रभावित हो रहा है। इसे देखते हुए चमोली पुलिस ने गेट सिस्टम लागू किया है। इसके तहत वाहनों को चरणबद्ध तरीके से छोड़ा जा रहा है, जिससे मार्ग पर दबाव कम होने के साथ जाम की समस्या से राहत मिल सके।

एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से संवाद कर उन्हें यात्रा अवधि के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों को गेट सिस्टम से मुक्त रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट यातायात प्रबंधन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए अपर उपनिरीक्षक सोहन सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य पुलिस कर्मियों को भी इसी तरह समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत, यातायात निरीक्षक जितेंद्र जोशी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यात्रियों की सुविधा के लिए लागू किया गया गेट सिस्टम

  • ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी के बीच सड़क संकरी और क्षतिग्रस्त
  • वाहनों का नियंत्रित और चरणबद्ध संचालन
  • जाम की स्थिति कम करने का प्रयास
  • आपातकालीन वाहनों को रहेगी प्राथमिकता
  • पुलिस लगातार कर रही यातायात व्यवस्था की निगरानी।

Leave a Reply

You May Like