वनाग्नि बुझाते समय युवक की मौत, परिवार को 15 लाख सहायता का लिखित आश्वासन
संवाददाता, गोपेश्वर : बिरही क्षेत्र के जंगलों में आग बुझाने के दौरान पाखी गांव निवासी राजेन्द्र सिंह की मौत के बाद वन विभाग ने मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने का लिखित आश्वासन दिया है। बदरीनाथ वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी की ओर से जारी पत्र में मृतक की पत्नी दीपा देवी को सहायता राशि उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

जारी पत्र के अनुसार प्रमुख वन संरक्षक उत्तराखंड से वार्ता और अनुरोध के बाद निर्णय लिया गया कि 20 मई को चमोली रेंज में वनाग्नि बुझाते समय आकस्मिक दुर्घटना में जान गंवाने वाले राजेन्द्र सिंह के परिवार को आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। इसके तहत उत्तराखंड वन परिवार की ओर से एक दिन का वेतन मृतक परिवार को दिया जाएगा। यह सहायता राशि न्यूनतम 15 लाख रुपये होगी।
पत्र में कहा गया है कि यह धनराशि कर्मचारियों के वेतन से कटौती कर एकत्रित की जाएगी और 30 जून तक मृतक राजेन्द्र सिंह की पत्नी दीपा देवी के खाते में जमा करा दी जाएगी।
गौरतलब है कि बिरही के जंगलों में लगी आग बुझाने के दौरान पाखी गांव निवासी राजेन्द्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। इस दौरान ग्रामीणों के साथ ग्राम प्रधान भी मौजूद रहीं।

