
मदमहेश्वर यात्रा से पहले मार्ग दुरुस्त करने की मांग, समिति ने सौंपा ज्ञापन
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ। द्वितीय केदार के कपाट 21 मई को खुलने से पहले यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच पंच कारबारियान हक-हकूकधारी समिति गौण्डार ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर मार्गों को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग उठाई है।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि हर साल हजारों श्रद्धालु मदमहेश्वर धाम पहुंचते हैं, लेकिन खराब रास्तों के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने निर्माणाधीन अकतोली–गौण्डार मोटर मार्ग को जल्द पूरा करने की मांग की, ताकि यात्रा सुगम और सुरक्षित हो सके।
जोसरी धार से देवी मंदिर तक पैदल मार्ग की खराब स्थिति पर भी समिति ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि कई स्थानों पर मार्ग क्षतिग्रस्त है, जिससे फिसलन और हादसे का खतरा बना रहता है। यात्रा शुरू होने से पहले इस मार्ग का चौड़ीकरण और मरम्मत जरूरी बताया गया है।
समिति अध्यक्ष शिवानंद पंवार ने कहा कि यात्रा से स्थानीय लोगों की आजीविका भी जुड़ी है। मार्ग ठीक होने से व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। सचिव वीरेन्द्र पंवार ने विभाग से सभी पैदल व मोटर मार्गों को समय पर दुरुस्त करने की मांग की।
प्रधान अनूप पंवार के अनुसार, मोटर मार्ग निर्माण के चलते प्राचीन पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसे में जोसरी धार से देवी मंदिर तक पैदल मार्ग का ट्रीटमेंट जरूरी है, ताकि चल विग्रह उत्सव डोली को ऊखीमठ से धाम तक ले जाने में कोई परेशानी न हो।
सरपंच जसपाल सिंह पंवार ने कहा कि मार्ग सुधरने से तीर्थ यात्रियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों को भी राहत मिलेगी।

