
सुबह 8 बजे शुभ मुहूर्त, सीएम रहेंगे मौजूद
बाबा केदार के जयकारों के साथ पंचमुखी उत्सव डोली पंहुची धाम
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : भगवान केदारनाथ के धाम के कपाट 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही केदारनाथ यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ होगा।
कपाट खुलने के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल होंगे।
धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। यात्रा मार्ग पर सड़कों की मरम्मत, यातायात व्यवस्था, पैदल मार्ग पर शौचालय, पेयजल, आवास और खान-पान की सुविधा सुनिश्चित की गई है। साथ ही प्रत्येक दो किलोमीटर पर चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं।
धाम क्षेत्र में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया है। आधुनिक शौचालयों के साथ गर्म पानी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं और यात्रा मार्ग पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं ने संतोष जताया है और बेहतर प्रबंधन की सराहना की है।
उल्लेखनीय है कि कपाट खुलने से एक दिन पूर्व बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली धाम पहुंच रही है, जिससे क्षेत्र में आस्था का माहौल और अधिक बढ़ गया है।
