बदरीनाथ धाम : गद्दी-डोली पांडुकेश्वर रवाना, 23 अप्रैल को खुलेंगे कपाट

Team PahadRaftar

संजय कुंवर 

ज्योतिर्मठ : श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की पारंपरिक प्रक्रियाएं मंगलवार से विधिवत शुरू हो गईं। जोशीमठ स्थित नृसिंह मंदिर में वैदिक पंच पूजाओं के बाद ढोल-दमाऊं और सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।

बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी की अगुवाई में आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी, गरुड़ जी की डोली और गाडू घड़ा (तेल कलश) यात्रा योग बदरी मंदिर पांडुकेश्वर के लिए रवाना हुई। वेद-वेदांग संस्कृत महाविद्यालय के आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने मांगल गीतों और भजनों के साथ देव डोलियों को भावभीनी विदाई दी।

इस अवसर पर ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर को करीब पांच कुंतल गेंदे के फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। नगर क्षेत्र के विद्यालयों के बच्चों ने आकर्षक रैली निकालकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

आज निकलेगी कुबेर-उद्धव की डोली

बुधवार को पांडुकेश्वर से भगवान बदरी विशाल के खजांची कुबेर और उद्धव की उत्सव डोली, मुख्य पुजारी बंदे रावल के नेतृत्व में शंकराचार्य की गद्दी के साथ बदरीनाथ धाम के लिए रवाना होगी।

23 अप्रैल को सुबह 6:15 बजे खुलेंगे कपाट
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अप्रैल को प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर विधि-विधान के साथ श्री बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह बना हुआ है।

व्यवस्थाएं पूरी, श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार प्रशासन

मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि कपाट खुलने को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रा मार्ग, धाम परिसर और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के मद्देनजर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए मंदिर समिति और प्रशासन पूरी तरह तैयार है तथा सुरक्षा, आवास और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

Next Post

चमोली : गौचर बाजार में जाम से लोग परेशान, व्यापार मंडल ने पुलिस से की सख्ती की मांग

गौचर बाजार में जाम से लोग परेशान, व्यापार मंडल ने पुलिस से की सख्ती की मांग केएस असवाल  गौचर : यात्रा सीजन शुरू होते ही नगर के मुख्य बाजार में जाम की समस्या बढ़ गई है। रोजाना लगने वाले जाम से स्थानीय व्यापारी, स्कूली बच्चे, राहगीर और तीर्थयात्री परेशान हैं। […]

You May Like