
स्थानीय युवाओं ने ‘देवदूत’ बन पहुंचाया अस्पताल, एक जवान की हालत गंभीर
गोपेश्वर। जनपद में गोपेश्वर-चोपता सड़क मार्ग पर एक सैन्य वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन सवार सेना के दो जवान घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय युवाओं प्रदीप रमोला, राहुल, अजय पंवार और विक्रम सिंह ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की मदद की। युवाओं ने बिना देर किए अपने निजी वाहन से दोनों जवानों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने युवाओं के इस सेवा भाव की सराहना की है।
जिला अस्पताल में तैनात सीएमएस ने बताया कि घायल जवान जांबाज सिंह (29) निवासी भिवानी, हरियाणा का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। जबकि धवल राठौर धवन सिंह (28), जो जोशीमठ स्थित सिग्नल कंपनी में तैनात हैं, को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आर्मी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने युवाओं की तत्परता और मानवता की मिसाल पेश करने की सराहना की है।

