
पत्रकारों के हितों की रक्षा और सुरक्षा को बताया प्राथमिकता, संगठन को मजबूत करने का भरोसा
देहरादून/चमोली : भारतीय पत्रकार यूनियन की जिला इकाई चमोली का विस्तार करते हुए रणजीत नेगी को सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर जिले के पत्रकारों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों में खुशी की लहर है।
पदभार ग्रहण करने के बाद रणजीत नेगी ने संगठन और पत्रकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि चमोली जिले के पत्रकारों के हितों की रक्षा करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए यूनियन सक्रिय भूमिका निभाएगी और उन्हें एक मजबूत मंच प्रदान किया जाएगा।
नेगी ने विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
उनकी नियुक्ति से जिले में संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस मौके पर कई वरिष्ठ पत्रकारों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल को सफल बनाने की कामना की।

