
दो समाजसेवी ‘उत्तराखंड कविकुलतिलक शिरोमणि सम्मान’ से सम्मानित
गुप्तकाशी में डॉ. जैक्स वीन के जन्मदिन पर खेल प्रतिभा व सम्मान समारोह
पहाड़ रफ्तार
ऊखीमठ। जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी की ओर से डॉ. जैक्स वीन इंटर कॉलेज, गुप्तकाशी में प्रसिद्ध फ्रांसीसी विचारक, लेखक, योगी एवं मनोचिकित्सक डॉ. जैक्स वीन के जन्मदिन पर भव्य खेल प्रतिभा एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ समाज के दो प्रमुख व्यक्तित्वों को ‘उत्तराखंड कविकुलतिलक शिरोमणि सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय के उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने बीते शैक्षिक सत्र में वार्षिक परीक्षा, विभिन्न प्रतियोगिताओं और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
समारोह का मुख्य आकर्षण ‘उत्तराखंड कविकुलतिलक शिरोमणि सम्मान 2026’ रहा। यह सम्मान शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ. अरुण कुकसाल तथा वरिष्ठ पत्रकार, रंगकर्मी और लेखक लक्ष्मण सिंह नेगी को दिया गया। दोनों को शॉल, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी शिक्षा, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. जैक्स वीन जैसे महान विचारक के जन्मदिवस पर इस तरह का आयोजन युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों, पत्रकारों और समाजसेवियों की भूमिका समाज निर्माण में बेहद अहम होती है।

कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी ने कहा कि खेल और शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चे ही उत्तराखंड का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. अरुण कुकसाल और लक्ष्मण सिंह नेगी जैसी विभूतियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सम्मान ग्रहण करने के बाद डॉ. अरुण कुकसाल ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा है। वहीं लक्ष्मण सिंह नेगी ने सोसाइटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्य और पत्रकारिता के प्रति समर्पण ही उनकी असली पूंजी है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रधानाचार्य लखपत सिंह राणा ने कहा कि सोसाइटी प्रतिवर्ष डॉ. जैक्स वीन के जन्मदिवस को ‘सेवा एवं सम्मान’ के रूप में मनाती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारना और समाजहितैषी व्यक्तियों का अभिनंदन करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
सोसाइटी के चेयरपर्सन मनोज बेंजवाल ने कहा कि संस्था लंबे समय से शिक्षा, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य केवल पुरस्कार वितरण नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक मूल्यों का प्रसार करना भी है।
इस अवसर पर त्रिलोक सिंह रावत, मदन भट्ट, सरिता नेगी, दलवीर सिंह पुजारी, आशीष राणा, अर्जुन सिंह नेगी, दीपक नेगी, शंकर सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

