चमोली : पहले ही दिन पढ़ाई पटरी पर, डीएम ने छात्राओं के हाथों में थमाईं किताबें

Team PahadRaftar

जीजीआईसी गोपेश्वर से दिया संदेश – अब शिक्षा में नहीं चलेगी ढिलाई, मेहनत ही बनाएगी पहचान

केएस असवाल 

चमोली :  नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पहले ही दिन GGIC गोपेश्वर में पढ़ाई ने रफ्तार पकड़ ली। छात्राओं के हाथों में निःशुल्क किताबें पहुंचीं तो शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार और प्रशासन की मंशा भी साफ नजर आई। खास बात यह रही कि जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार खुद स्कूल पहुंचे और छात्राओं को किताबें सौंपकर यह संदेश दिया कि अब सत्र की शुरुआत इंतजार से नहीं, तैयारी से होगी।

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, लेकिन पूरे आयोजन का केंद्र डीएम का शिक्षा पर साफ और सख्त संदेश रहा। उन्होंने छात्राओं से कहा कि जो आज समय और पढ़ाई की कीमत समझेगा, वही कल अपनी अलग पहचान बनाएगा।

डीएम गौरव कुमार ने साफ कहा कि सरकार की मंशा सिर्फ बच्चों का नामांकन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि हर छात्रा को समय पर किताब, बेहतर माहौल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। उन्होंने कहा कि पहले दिन किताबें मिलना केवल वितरण नहीं, बल्कि पढ़ाई को बिना रुकावट शुरू कराने की ठोस पहल है।

उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता किस्मत से नहीं, निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य पर टिके रहने से मिलती है। डीएम ने छात्राओं से मोबाइल और भटकाव से दूर रहकर पढ़ाई को प्राथमिकता देने और अपने भविष्य को अभी से संवारने की अपील की।

पुस्तकालय भी देखा, दिए निर्देश

कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय के पुस्तकालय कक्ष का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध संसाधनों, रखरखाव व उपयोग को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल परीक्षा पास कराने की जगह नहीं, बल्कि सोच, समझ और व्यक्तित्व गढ़ने का केंद्र होना चाहिए।

इस मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत, प्रधानाचार्य ललित मोहन बिष्ट, विद्यालय स्टाफ और छात्राएं मौजूद रहीं।

Next Post

गौचर : सत्र के पहले ही दिन बच्चों के हाथों में पहुंचीं किताबें

पोखरी ब्लॉक के स्कूलों में मुफ्त पाठ्यपुस्तक वितरण, नए सत्र की शुरुआत उत्साह के साथ केएस असवाल चमोली : नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पहले ही दिन पोखरी ब्लॉक के विद्यालयों में पढ़ाई की मजबूत शुरुआत देखने को मिली। छात्र-छात्राओं के हाथों में नई पाठ्य पुस्तकें पहुंचीं तो स्कूलों में उत्साह […]

You May Like