ऊखीमठ : अब गांव में नहीं छलकेगा जाम, जाल तल्ला ने खुद बनाई सख्त मर्यादा

Team PahadRaftar

सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने पर पूर्ण रोक, उल्लंघन करने वालों पर 21 हजार रुपये जुर्माना तय

 लक्ष्मण नेगी

ऊखीमठ : कालीमठ घाटी की ग्राम पंचायत जाल तल्ला ने सामाजिक मर्यादा और नशामुक्त वातावरण को लेकर बड़ा फैसला लिया है। गांव में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया। सर्वसम्मति से लिए गए इस फैसले के तहत अब शादी-विवाह, धार्मिक आयोजनों और अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों में शराब परोसने वालों पर 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

प्रधान प्रदीप राणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने की परंपरा से गांव का सामाजिक वातावरण प्रभावित होता है। इससे आपसी सौहार्द, पारिवारिक संस्कार और सामाजिक मर्यादाओं पर प्रतिकूल असर पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि युवाओं पर इसके दुष्प्रभाव को देखते हुए अब इस पर रोक जरूरी हो गई थी।

बैठक में तय किया गया कि गांव में आयोजित किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में यदि शराब परोसी जाती है तो संबंधित व्यक्ति या परिवार के खिलाफ ग्राम पंचायत स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने इस नियम का सख्ती से पालन कराने का भी संकल्प लिया।

बैठक के बाद गांव में जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली में पुलिस प्रशासन, महिला मंगल दल, नव युवक मंगल दल, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया और लोगों को शराब के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।

इस मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के इस फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए इस तरह की सामूहिक पहल बेहद जरूरी है और पुलिस प्रशासन इस दिशा में हरसंभव सहयोग करेगा।

ग्रामीणों ने कहा कि गांव की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मर्यादाओं को बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी था। उन्होंने भविष्य में भी सामाजिक सुधार से जुड़े ऐसे प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर एसआई अनिल कुमार, राकेश रावत, कैलाश गोस्वामी, प्रवीन पंवार, महिला मंगल दल की उपाध्यक्ष सोनिता देवी, सचिव सोनम देवी, कोषाध्यक्ष सविता देवी, विनीता देवी, पूजा देवी, रेखा देवी, सरला देवी, महेशी देवी, आरती देवी, विजया देवी, कमला देवी, सोबनी देवी, शान्ता देवी, नव युवक मंगल दल अध्यक्ष खिलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Next Post

ज्योर्तिमठ : विद्या मंदिर में मंदिर में सलोनी ने 99 और आदर्श ने 91 प्रतिशत अंक के साथ किया टॉप

सरस्वती विद्या मंदिर ज्योतिर्मठ में वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह आयोजित जूनियर वर्ग में सलोनी ने 99 और सीनियर वर्ग में आदर्श रावत ने 91 प्रतिशत अंक हासिल किए संजय कुंवर  ज्योतिर्मठ : सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ में वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम […]

You May Like