
घरेलू गैस की उपलब्धता, स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच, पैनिक बुकिंग से बचने की अपील
पहाड़ रफ्तार संवाददाता
गोपेश्वर : जनपद में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार खुद मैदान में उतरे और विभिन्न गैस एजेंसियों व गोदामों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोपेश्वर, कोठियालसैंण, मैंठाणा और नंदप्रयाग स्थित गैस गोदामों में पहुंचकर घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर और वितरण व्यवस्था की गहन जांच की।

जिलाधिकारी ने मौके पर अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित किया कि गैस वितरण पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप हो रहा है। उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद में गैस की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी स्तर पर आमजन को असुविधा न हो और उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैंडम नंबर मिलाकर गैस उपभोक्ता गंगी लाल से भी बात की। उपभोक्ता ने समय पर गैस सिलेंडर मिलने की जानकारी दी और इसके लिए प्रशासन का आभार जताया। इससे प्रशासन ने जमीनी स्तर पर वितरण व्यवस्था की स्थिति का भी फीडबैक लिया।
जिलाधिकारी ने गैस गोदामों में सुरक्षा मानकों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने गोदाम संचालकों को निर्देश दिए कि सुरक्षा से जुड़े सभी प्रावधानों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
उन्होंने गैस वितरण प्रणाली को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला आपूर्ति अधिकारी को रोस्टर प्रणाली दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि तय समय और तय क्षेत्रों के अनुसार गैस सिलेंडरों का वितरण किया जाए तथा प्रतिदिन वितरित सिलेंडरों का विधिवत रिकॉर्ड भी रखा जाए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग से बचें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
इस दौरान उपजिलाधिकारी आरके पांडे, जिला आपूर्ति अधिकारी अंकित पांडे सहित संबंधित गैस एजेंसियों के संचालक और कर्मचारी मौजूद रहे।

