
मनसूना में भव्य हिन्दू सम्मेलन सम्पन्न, सनातन संस्कृति के संरक्षण का लिया संकल्प
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : मदमहेश्वर घाटी के खूबसूरत हिल स्टेशन मनसूना में सकल हिन्दू समाज के तत्वावधान में भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु, धर्माचार्य, वेदाचार्य , युवा ,महिलाएं व विभिन्न विद्यालयों के नौनिहाल बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सम्मेलन मे भव्य शोभा यात्रा व विभिन्न विद्यालयों के नौनिहालों के देश भक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहे । कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण , दीप प्रज्ज्वलन व गौ माता पूजन के साथ हुआ। वक्ताओं ने सनातन धर्म की महान परंपरा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर जोर दिया।

सम्मेलन में मुख्य वक्ता प्रान्तीय सेवा प्रमुख पवन ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित रहने की आवश्यकता है। धर्म, संस्कृति और परम्पराओं को सहेजना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होने युवाओं से नशामुक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मद्महेश्वर घाटी की वरिष्ठ साहित्यकार जीवन्ती देवी खोयाल ने कहा कि सनातन संस्कृति विश्व को “वसुधैव कुटुम्बकम् ” का संदेश देती है और इसे आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है। सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए प्रधान पुजारी शिव शंकर लिंग ने हिन्दू समाज की एकता , भाईचारे एवं सांस्कृतिक पुनर्जागरण का संकल्प लेने का आवाहन किया । कार्यक्रम संयोजक ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी व सह संयोजक दलवीर नेगी ने सभी आगंतुकों , मातृ शक्ति व नौनिहालों का आभार व्यक्त किया जबकि संचालन देवेन्द्र राणा ने किया।

सम्मेलन में क्षेत्र की लोक संस्कृति की भी झलक देखने को मिली। भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और धार्मिक प्रवचनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा । मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी सम्मेलन की विशेषता रही। सम्मेलन में सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, गौ संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा मंदिरों की गरिमा बनाए रखने पर भी चर्चा की गयी । इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री दिनेश बगवाडी , कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी , जिला प्रचारक पंकज , प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट, प्रधान सोनिया पंवार, विशाम्बरी देवी , सरिता देवी, नीमा देवी , मिथला देवी , क्षेत्र पंचायत सदस्य रेशमा भट्ट, लक्ष्मी देवी , मयंक , पूर्व प्रधान सन्दीप पुष्वाण, सरिता देवी , प्रेमलता पंत, तेज प्रकाश त्रिवेदी , बच्चीराम सेमवाल, संजय तिवारी , रोशन त्रिवेदी , प्रधानाचार्य लक्ष्मण सिंह नेगी सहित विभिन्न गांवो के जनप्रतिनिधि, मातृशक्ति व नौनिहाल मौजूद रहे।
