राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप के लिए औली तैयार, आयोजकों ने की महत्वपूर्ण बैठक, रेस ऑफिस का उद्घाटन
संजय कुंवर
औली : विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग स्थल औली में आज विंटर गेम्स की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई तथा रेस ऑफिस का विधिवत उद्घाटन किया गया।
बैठक में विंटर गेम्स एसोसिएट्स ऑफ उत्तराखंड के सचिव राकेश रंजन भिलंगवाल, सह सचिव अजय भट्ट, विकेश डिमरी (कोच, उत्तराखंड), आईटीबीपी से डिप्टी कमांडेंट नानक चंद, जीएमवीएन के प्रदीप मंद्रवाल, कमल किशोर डिमरी, प्रदीप शाह, क्षेत्रीय प्रबंधक वीरेंद्र गुसाईं सहित अन्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रेस ऑफिस में विजयंत रावत, राजीव मेहता, विक्रम फर्स्वाण एवं विश्वजीत शाह को जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी अधिकारियों ने आगामी विंटर गेम्स को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन बनाने का संकल्प दोहराया। स्कीइंग स्लोप का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक सुधारों पर सहमति बनी। बैठक में स्पष्ट किया गया कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उत्तराखंड की प्रतिष्ठा, पहचान और गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। औली की बर्फीली वादियों से लिया गया यह संकल्प प्रदेश को शीतकालीन खेलों की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।
