संजय कुंवर
चमोली : विंटर डेस्टिनेशन औली में सीजन की पहली बर्फबारी, पर्यटकों के खिले चेहरे, पर्यटन व्यवसायियों में बना उत्साह।

सूबे के पहले सरहदी सीमांत नगर ज्योतिर्मठ और विंटर डेस्टिनेशन औली में बसंत पंचमी पर्व पर इस सीजन की पहली बर्फबारी ओर बारिश होने से सीमांत के पर्यटन कारोबारियों सहित काश्तकारों के चेहरे खिल उठे हैं। औली में सीजन की पहली बर्फबारी होने से पर्यटन कारोबारियों ओर पर्यटकों ने जमकर होटलों से बाहर निकल कर बर्फबारी का आनंद लिया है। औली के पर्यटन कारोबारी रविन्द्र कंडारी ने बताया कि औली में बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटकों ने GMVN की चेयर लिफ्ट राइड से औली की बर्फीली वादियों को निहारा। क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट के बाद सक्रिय वैस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते ऊंचाई वाले इलाकों बदरीनाथ धाम सहित वैली ऑफ फ्लावर्स, हेमकुंड साहिब, चिनाप वैली, द्रोणागिरी बागनी वैली नीति वैली सहित कुंवारी पास गोरसों ट्रैक रूट पर अच्छी बर्फबारी हो रही है।
ज्योर्तिमठ नगर क्षेत्र में सुबह हल्की बारिश के साथ-साथ हिमपात हो रहा है, साथ ही कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का सितम जारी है। शीतकालीन पर्यटन स्थली औली में बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों ने बर्फ की पहली फाहों के गिरते ही खुशी व्यक्त करते हुए जश्न मनाना शुरू कर दिया। पूरे धोली गंगा ओर अलकनंदा घाटी में इस सीजन की अच्छी बर्फबारी दर्ज हुई है। वहीं लंबे समय से काले पड़े पहाड़ों ऊंचे दरख्तों के साथ-साथ सूखे बुग्यालों और वनाग्नि की चपेट में आए पहाड़ों को ये बारिश ओर बर्फबारी संजीवनी साबित हो रही है।
