
केएस असवाल
गौचर : जय मां कालिंका कमेटी गौचर के तत्वावधान में रविवार से शुरू होने जा रहे प्रदेश स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहला मैच 66 आरसीसी व आईटीबीपी की 8 वीं वाहनी के मध्य खेला जाएगा।
गौचर के खेल मैदान में रविवार से शुरू होने जा रहे प्रदेश स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए अभी तक दिल्ली, चंडीगढ़ के साथ ही 40 टीमों ने अपनी सहमति जता दी है। इस टूर्नामेंट के विजेता को 1 लाख 25 हजार तथा उपविजेता को 75 हजार का इनाम दिया जाएगा।
टूर्नामेंट का उद्घाटन कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल,थराली विधायक भूपाल राम टम्टा तथा जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट संयुक्त रुप से करेंगे। टूर्नामेंट के संपादक के लिए उच्चस्तरीय कमेटी का गठन भी किया गया है। गौ सेवा आयोग के सदस्य अनिल नेगी को अध्यक्ष तथा विधायक अनिल नौटियाल व पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी को संरक्षक बनाया गया है। इसके अलावा भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनूप नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, अवकाश प्राप्त वरिष्ठ अभियंता महादेव बहुगुणा , दिनेश बिष्ट,दीपक बिष्ट,नवीन टाकुली, मुकेश नेगी,सूरज धरियाल,युद्धबीर खत्री, नितेश चौधरी आदि को भी अलग अलग जवाबदारियां सौंपी गई है। उद्घाटन अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, जिला पंचायत सदस्य रेखा बिष्ट आदि कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। कमेटी के अध्यक्ष अनिल नेगी के अनुसार टूर्नामेंट में फोर पीस बौल का प्रयोग किया जाएगा।

