
संजय कुंवर
बदरीनाथ : कंचन नाला क्षेत्र के नर पर्वत से हिमस्खलन के बाद स्थिति सामान्य, थमा बर्फ का गुबार
भू-बैकुंठ नगरी बदरीनाथ धाम के समीप कंचन नाला क्षेत्र में नर पर्वत पर आज सुबह हुए हिमस्खलन की घटना के बाद अब इस क्षेत्र में हालात सामान्य हो चले हैं। बड़ी बात ये रही कि आबादी विहीन क्षेत्र में हुई इस कुदरत की प्राकृतिक घटना से कोई जान – माल का नुकसान नहीं हुआ है। फिलहाल बदरी पुरी से ये तस्वीरें आई है। नर पर्वत के बीच से हिमस्खलन के बाद क्षेत्र में अब सब कुछ सामान्य है। हिमस्खलन वाले इलाके में बर्फ़ के गुबार के निशान साफ नजर आ रहे हैं। जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने भी इस घटना पर बताया कि यह घटना कंचन नाले के क्षेत्र में गैर आबादी वाले स्थान पर हुई है लिहाजा इस घटना से जान माल के कोई नुकसान की खबर नहीं है।
