लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : पीएमजीएसवाई विभाग द्वारा मदमहेश्वर घाटी की ग्राम पंचायत राऊलैक के अन्तर्गत चक चौकी – राऊ – निगालगांव 3:5 किमी मोटर मार्ग का अन्तिम सर्वे किये जाने पर मदमहेश्वर घाटी के जनप्रतिनिधियों के एक शिष्टमंडल ने केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया तथा मोटर मार्ग निर्माण के लिए सैद्धांतिक व वित्तीय स्वीकृति शीघ्र दिलाने की मांग की।

जिस पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने शिष्टमंडल को आश्वासन दिया कि शीध्र मोटर मार्ग निर्माण के लिए सैद्धांतिक व वित्तीय स्वीकृति दिलाने के भरसक प्रयास किये जायेगे जिससे ग्राम पंचायत राऊलैक के विभिन्न राजस्व ग्रामों मे निवास कर रहे ग्रामीणों को यातायात सुविधा मिल सके । ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी ने बताया कि ग्राम पंचायत राऊलैक के विभिन्न तोक आज भी यातायात से अछूते है इसलिए चकचौकी – राऊ – निगालगांव तक मोटर मार्ग की नितान्त आवश्यकता है। प्रधान नीमा देवी ने कहा कि यदि उक्त मोटर मार्ग का निर्माण हो जाता है तो ग्राम पंचायत राऊलैक के विभिन्न राजस्व ग्राम यातायात से जुड़ने के साथ सिद्धपीठ काली शिला तीर्थ की पैदल यात्रा भी कम होगी तथा सिद्धपीठ काली शिला जाने वाले तीर्थ यात्रियों के आवागमन में भारी वृद्धि होने से मदमहेश्वर घाटी मे तीर्थाटन, पर्यटन व्यवसाय मे भारी इजाफा होगा तथा सिद्धपीठ कालीशिला को पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान मिलेगी। पूर्व प्रधान कमलेन्द्र नेगी ने कहा कि उक्त मोटर मार्ग निर्माण होने से सिद्धपीठ काली शिला मे तीर्थाटन, पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होने के साथ स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा मिलेगा। वन पंचायत सरपंच दलीप रावत ने कहा कि मोटर मार्ग निर्माण होने से ग्रामीण पंचायत राऊलैक, सिद्धपीठ काली शिला व मदमहेश्वर घाटी का सर्वांगीण विकास होगा । शिष्टमंडल में प्रधान बुरूवा मदन भट्ट, उनियाणा बिशाम्वरी देवी , प्रधान मनसूना मिथिला देवी , गौण्डार अनूप पंवार मौजूद थे। वही दूसरी ओर मोटर मार्ग का अन्तिम सर्वे होने पर रमेश सिंह रावत, सुरेशा सिंह रावत, मुकन्दी सिंह रावत, बृजमोहन सिंह रौथाण, सुरेशा सिंह रावत, मुकन्दी सिंह रावत, राजेन्द्र सिंह रावत, सुरेन्द्र सिंह रावत, कार्तिक सिंह रौथाण, शिवराज सिंह रौथाण, शिव सिंह नेगी ,प्रदीप रावत सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों व समस्त ग्रामीणों ने केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल का आभार व्यक्त किया।
