
संजय कुंवर
गोविंदघाट : हेमकुंड साहिब यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, श्रद्धालुओं की संख्या पहुंची 14 हजार के पार
सिखों के दशम गुरु गोविंद सिंह जी महाराज को समर्पित और सिक्खों के धार्मिक तीर्थाटन स्थल श्री हेमकुंड साहिब में सिक्ख श्रद्धालुओं की आमद धीरे-धीरे ही सही अब रफ्तार पकड़ने लगी है। उच्च हिमालई लोकपाल घाटी में मौजूद श्री हेमकुंड साहिब धाम में देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं की संगत पहुंच रही है और पवित्र हिम सरोवर में आस्था की डुबकी लगा कर गुरु महाराज जी के दरबार में मत्था टेक अरदास गुरुवाणी पाठ में प्रतिभाग कर निहाल हो रही है। शुक्रवार 30 मई को गुरु धाम में करीब 2400श्रद्धालुओं की आमद रही वहीं कपाट खुलने से लेकर अब तक श्री हेमकुंड साहिब में करीब 14 हजार श्रद्धालुओं ने गुरु दरबार में अपनी हाजिरी लगाई है। गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के सीनियर मैनेजर सरदार सेवा सिंह ने बताया कि गोविंद घाट से लेकर गोविंद धाम श्री हेमकुंड साहिब तक ट्रस्ट के द्वारा संगतों के लिए गुरुद्वारों में सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जा रही है। गुरु लंगर से लेकर मेडिकल व्यवस्था भी चाक-चौबंद है ओर श्री हेमकुंड साहिब जी की यात्रा सुगमता के साथ जारी है।

