
पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने खराब मौसम में बचाई जान
लक्ष्मण नेगी
ऊखीमठ : तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रेक पर शनिवार शाम आए भीषण तूफान के बीच फंसे करीब 30 ट्रैकर्स को पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी ट्रैकर्स को चोपता लाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 5:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि चंद्रशिला मार्ग पर 25-30 ट्रैकर्स अचानक आए तेज तूफान और बर्फबारी जैसे हालात में फंस गए हैं। खराब मौसम और कम दृश्यता के चलते उनकी जान को खतरा बना हुआ था।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के समन्वय से कोतवाली ऊखीमठ, चौकी चोपता, एसडीआरएफ, जिला आपदा प्रबंधन और वन विभाग की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं। दुर्गम रास्तों और खराब मौसम के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने ट्रैकर्स की लोकेशन ट्रैक कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
काफी मशक्कत के बाद सभी ट्रैकर्स को सुरक्षित चोपता पहुंचाया गया, जहां से उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
पुलिस ने ट्रैकर्स और पर्यटकों से अपील की है कि पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें और सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

